नेपाल सरकार युवा पीढ़ी की उम्मीदों के अनुरूप परिवर्तन और सुधार के लिए प्रतिबद्ध: कार्की
नेपाल सरकार युवा पीढ़ी की उम्मीदों के अनुरूप परिवर्तन और सुधार के लिए प्रतिबद्ध: कार्की
काठमांडू, नौ अक्टूबर (भाषा) नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछली सरकारों ने ‘जेन जेड’ युवाओं की आवाज और भावनाओं को नहीं सुना।
‘जेन जेड’ आंदोलन के पहले महीने पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कार्की ने कहा, ‘‘सरकार युवा पीढ़ी की इच्छा के अनुसार बदलाव के लिए प्रतिबद्ध है।’’
नेपाल की 73 वर्षीय पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने कहा, ‘‘हम सभी को युवा पीढ़ी द्वारा लाई गई क्रांति को स्वीकार करना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक ओर हमारे युवाओं में निराशा है, वहीं दूसरी ओर उनमें राष्ट्र के प्रति अगाध प्रेम है।’’
कार्की ने कहा, ‘‘हम सभी को अपनी कमजोरियों और गलतियों को विनम्रता से स्वीकार करना चाहिए।’’
उन्होंने सभी पक्षों से धैर्य रखने और हिंसा से बचने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक दलों को खुद में सुधार लाने की जरूरत है।
कार्की ने कहा, ‘‘जेन जेड आंदोलन में कई युवाओं ने अपनी जान कुर्बान की है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। मैं उन सभी को याद करना चाहती हूं जिन्होंने अपनी जान कुर्बान कर दी। मैं इस दुखद घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करती हूं और शोकसंतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं।’’
जेन जेड समूह के बैनर तले हजारों युवाओं ने आठ और नौ सितंबर को काठमांडू में सरकार विरोधी प्रदर्शन किया जिसमें 76 लोग मारे गए।
इस बीच, नेपाल के अपदस्थ प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने राष्ट्रीय एकता और राजनीतिक स्थिरता की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रतिनिधि सभा को बहाल करने की मांग की है।
बुधवार को गुंडू में सीपीएन-यूएमएल की भक्तपुर जिला समिति द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में ओली ने कहा कि उनकी पार्टी भंग संसद की बहाली का समर्थन करती है और विश्वास है कि नेपाली कांग्रेस भी इस कदम का समर्थन करेगी।
ओली ने भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के मुद्दे पर अपनी सरकार के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व वाले जेन जेड समूह के हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद सितंबर की शुरुआत में इस्तीफा दे दिया था।
कार्की 12 सितंबर को अंतरिम प्रधानमंत्री बनी थीं। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उनकी सिफारिश पर संसद भंग कर दी थी। अगला आम चुनाव 5 मार्च, 2026 को होना तय है।
इसके अलावा, नेपाल पुलिस ने बृहस्पतिवार को डॉ. निकोलस भुसाल सहित ‘जेन जेड’ समूह से जुड़े 18 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया, जो ओली और तत्कालीन गृह मंत्री रमेश लेखक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मैतीघर में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


