भाजपा के नए पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और ‘विकसित भारत’ का संकल्प दोहराया
भाजपा के नए पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और ‘विकसित भारत’ का संकल्प दोहराया
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का मंगलवार को संकल्प जताया।
उनकी यह प्रतिक्रिया भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा 65 पदाधिकारियों वाली नयी राष्ट्रीय टीम की घोषणा किए जाने के एक दिन बाद आई है। नयी टीम में 51 नए चेहरे शामिल हैं।
इस फेरबदल के बाद पार्टी के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों को राज्य स्तर की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी ने ‘‘स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं’’ के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताते हुए कहा कि नयी जिम्मेदारी उनके लिए गर्व की बात तो है ही, साथ ही संगठन के प्रति बड़ा दायित्व भी है।
द्विवेदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।’’
नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव जय प्रकाश ने कहा कि नयी जिम्मेदारी मिलना सम्मान की बात है तथा इससे संगठन के प्रति और अधिक समर्पण के साथ काम करने का संकल्प मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपने और मुझ पर विश्वास जताने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का हार्दिक आभार और धन्यवाद। मैं पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के लिए अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाऊंगा।’’
राष्ट्रीय सचिव स्वदेश सिंह ने कहा कि नयी जिम्मेदारी ‘‘नई ऊर्जा और नए संकल्प’’ के साथ आगे बढ़ने का अवसर देती है।
सिंह ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नितिन नवीन के नेतृत्व में, मैं भाजपा की संगठनात्मक ताकत को हर व्यक्ति तक पहुंचाकर ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।’’
पार्टी ने मंगलवार को राष्ट्रीय महासचिव सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी और राज्यसभा सदस्य विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया। नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव जगदीश ईश्वरभाई पटेल को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है।
पूनिया ने कहा कि पंजाब जैसे महत्वपूर्ण राज्य में संगठन को मजबूत करना ‘‘बड़ी जिम्मेदारी’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और राज्य के सभी कार्यकर्ता बंधुओं के सहयोग से, मैं संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और भाजपा की विचारधारा को हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगा।’’
चुग ने गुजरात का प्रभारी नियुक्त किए जाने पर प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह और पार्टी अध्यक्ष नवीन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह उनके ऊपर जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
चुग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ संगठन की सेवा करके आप सभी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।’’
भाजपा ने सोमवार को नवीन के नेतृत्व में अपनी राष्ट्रीय टीम में बड़ा बदलाव किया। इसमें कुछ पुराने चेहरों को बरकरार रखते हुए कई नए चेहरों को शामिल किया गया है।
नयी टीम में 13 उपाध्यक्ष, आठ महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव शामिल हैं।
भाषा खारी दिलीप
दिलीप

Facebook


