दिल्ली के मुकुंदपुर में कार चालक से कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने हवा में गोलियां चलाईं
दिल्ली के मुकुंदपुर में कार चालक से कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने हवा में गोलियां चलाईं
नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) उत्तरी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में एक कार चालक से कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर हवा में गोली चलाई और दो खड़ी कारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना होली के दिन शाम करीब पांच बजे घटी। पुलिस ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने हवा में गोली चलाई और एक वाहन का शीशा तोड़ दिया।
अधिकारी ने कहा, ‘तत्काल एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया और उन्होंने शिकायतकर्ता अरविंद कुमार पांडे (33) से मुलाकात की। पांडे ने पुलिस को बताया कि यह घटना तब घटी जब वह संकरी गली में अपनी कार को ‘रिवर्स’ (पीछे) कर रहे थे और सड़क से गुजर रहे एक मोटरसाइकिल सवार से उनकी कहासुनी हो गई।’
बहस के बाद मोटरसाइकिल सवार मौके से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद देसी तमंचा लेकर लौटा और कथित तौर पर हवा में गोली चलाई। इस घटना में शिकायतकर्ता को कोई चोट नहीं आई।
आरोपियों ने सड़क पर खड़ी दो कारों पर कथित तौर पर पत्थर फेंके और उनकी खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
अधिकारी ने बताया, “ पुलिस टीमों ने घटनास्थल का मुआयना किया, लेकिन वहां कारतूस का खाली खोखा नहीं मिला। शिकायतकर्ता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर भलस्वा डेयरी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।”
उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान करने व उसे पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
भाषा
नोमान मनीषा
मनीषा

Facebook


