नए राज्यसभा सदस्यों ने शपथ ली

Ads

नए राज्यसभा सदस्यों ने शपथ ली

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 12:27 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 12:27 PM IST

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के नेता शरद पवार और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले समेत 19 नए राज्यसभा सदस्यों ने सोमवार को यहां शपथ ली।

राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन की उपस्थिति में नए सदस्यों ने शपथ ली।

इस दौरान राज्यसभा कक्ष में उप सभापति हरिवंश और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू उपस्थित थे।

सदन में विभिन्न दलों के नेता भी उपस्थित रहे।

नए राज्यसभा सदस्यों में पांच महाराष्ट्र से, छह तमिलनाडु से, पांच पश्चिम बंगाल से और तीन ओडिशा से हैं।

महाराष्ट्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता माया चिंतामण ने सबसे पहले शपथ ली। उनके बाद पवार व्हीलचेयर पर शपथ ग्रहण के लिए पहुंचे।

उच्च सदन में महाराष्ट्र के अन्य सदस्यों में शपथ लेने वालों में रामराव सखाराम वाडकुटे (भाजपा), ज्योति नागनाथ वाघमारे (शिवसेना) और रामदास अठावले (आरपीआई-ए) थे।

ओडिशा से राज्यसभा सदस्य के तौर पर मनमोहन सामल (भाजपा), सनरुप्त मिश्रा (बीजू जनता दल) और दिलीप कुमार राय (निर्दलीय) ने शपथ ली, जबकि तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व करते हुए कॉन्स्टैंटाइन रविंद्रन (द्रमुक), क्रिस्टोफर मणिकम (कांग्रेस), एल.के. सुधीश (डीएमडीके), एम. थंबीदुरई (अन्नाद्रमुक), तिरुचि शिवा (द्रमुक) और अंबुमणि रामदास (पीएमके) ने शपथ ली।

पश्चिम बंगाल से बाबुल सुप्रिया बराल (तृणमूल कांग्रेस), बिस्वजीत सिन्हा (भाजपा), मेनका गुरुस्वामी (तृणमूल कांग्रेस), राजीव कुमार (तृणमूल कांग्रेस) और रुक्मिणी मलिक (तृणमूल कांग्रेस) ने शपथ ली।

अधिकतर सदस्यों ने अपनी-अपनी क्षेत्रीय भाषाओं में शपथ ली।

अध्यक्ष राधाकृष्णन ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा