तेलंगाना में एक लाख रुपये में कथित रूप से बेचा गया नवजात शिशु बचाया गया
तेलंगाना में एक लाख रुपये में कथित रूप से बेचा गया नवजात शिशु बचाया गया
हैदराबाद, 20 जुलाई (भाषा) तेलंगाना के महबूबनगर जिले में अपने माता-पिता द्वारा कथित रूप से एक लाख रुपये में बेचे गए एक माह के बालक को पुलिस ने बरामद कर इस संबंध में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना जिले के तेलुगुगुडेम गांव की है। एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) के एक अधिकारी की शिकायत के आधार पर 17 जुलाई को नवजात को खरीदने वाले व्यक्ति और एक बिचौलिए के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस दल ने महबूबनगर शहर में खरीदार के कब्जे से शिशु को बरामद कर उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को सौंप दिया।
प्रारंभिक जांच के आधार पर अधिकारी ने बताया कि जून में एक मजदूर दंपति के यहां इस बच्चे का जन्म हुआ था। आरोप है कि करीब एक पखवाड़े पहले दंपति ने एक बिचौलिए के माध्यम से नवजात को बेच दिया।
पुलिस के अनुसार, दंपति के पहले से दो बेटे और एक बेटी हैं। उन्होंने नवजात को किन परिस्थितियों में बेचा, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


