वित्तीय विवाद को लेकर व्यक्ति की हत्या के आरोप में एनजीओ निदेशक गिरफ्तार

वित्तीय विवाद को लेकर व्यक्ति की हत्या के आरोप में एनजीओ निदेशक गिरफ्तार

वित्तीय विवाद को लेकर व्यक्ति की हत्या के आरोप में एनजीओ निदेशक गिरफ्तार
Modified Date: February 15, 2026 / 05:52 pm IST
Published Date: February 15, 2026 5:52 pm IST

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) पश्चिमी दिल्ली में वित्तीय विवाद को लेकर रविवार तड़के एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या करने के आरोप में एक एनजीओ के 46 वर्षीय निदेशक को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस को तड़के एक अस्पताल से सूचना मिली कि चाकू के वार से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल ले आया गया था, जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है।

अधिकारी के मुताबिक, सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की, जिस दौरान मृतक की पहचान उत्तम नगर निवासी 46 वर्षीय हरीश कांडवाल के रूप में हुई।

उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और मामले में फराश बाजार निवासी अशीम अली को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी के अनुसार, अली ‘साईं साधना सोशल वेलफेयर फाउंडेशन’ नामक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) का निदेशक बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस एनजीओ का संचालन आरोपी के आवास से किया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह घटना आरोपी और एनजीओ से जुड़े पीड़ित के बीच वित्तीय विवाद के कारण हुई।

पुलिस ने बताया कि हरि नगर में झगड़ा शुरू होने से पहले दोनों ने दिन का अधिकांश समय एक साथ बिताया था। उसने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

शुभम पारुल

पारुल


लेखक के बारे में