हिंसा मामले की जांच के लिए पश्चिम बंगाल के बेलडांगा पहुंची एनआईए

हिंसा मामले की जांच के लिए पश्चिम बंगाल के बेलडांगा पहुंची एनआईए

हिंसा मामले की जांच के लिए पश्चिम बंगाल के बेलडांगा पहुंची एनआईए
Modified Date: February 2, 2026 / 08:45 pm IST
Published Date: February 2, 2026 8:45 pm IST

कोलकाता, दो फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में जनवरी में लगातार दो दिन तक हुई हिंसा की जांच के लिए सोमवार को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की दो टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी की टीम ने जांच के तहत कई स्थानों का दौरा किया, जिनमें बहरामपुर साइबर अपराध थाना, पंचरास्ता क्रॉसिंग, बेलडांगा नगरपालिका और स्थानीय रेलवे स्टेशन शामिल हैं।

अधिकारी ने कहा, “हिंसा के सभी पहलुओं की पड़ताल करने के लिए टीम गठित की गई हैं।”

बेलडांगा में 16 और 17 जनवरी को हिंसा हुई थी। 17 जनवरी को कुछ उपद्रवियों ने रेलवे गेट को नुकसान पहुंचाया, जिससे रेल और सड़क यातायात बाधित हो गया था।

सोलह जनवरी को इलाके के एक प्रवासी श्रमिक की झारखंड में असामान्य परिस्थितियों में मृत्यु की खबर फैलने के बाद तनाव बढ़ गया था। लगभग दो दिनों तक स्थिति अस्थिर रही।

बिहार में उसी क्षेत्र के एक अन्य प्रवासी श्रमिक पर हमला होने की खबर आई।

इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-12 और बेलडांगा की रेलवे पटरी पर प्रदर्शनकारियों ने जाम लगाया, जिससे रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को एनआईए अधिकारियों ने स्थानीय लोगों, बेलडांगा रेलवे स्टेशन प्रबंधक और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों से बातचीत की।

एनआईए ने औपचारिक रूप से शनिवार को जांच का जिम्मा संभाला था।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में