एनआईए ने केरल के मलप्पुरम में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने के मामले की जांच अपने हाथ में ली

एनआईए ने केरल के मलप्पुरम में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने के मामले की जांच अपने हाथ में ली

एनआईए ने केरल के मलप्पुरम में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने के मामले की जांच अपने हाथ में ली
Modified Date: May 14, 2026 / 08:23 am IST
Published Date: May 14, 2026 8:23 am IST

कोच्चि, 14 मई (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने इस वर्ष फरवरी में केरल के मलप्पुरम जिले के तिरुरंगाड़ी से भारी मात्रा में जिलेटिन की छड़ और विस्फोटक बरामद होने के मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, एनआईए ने पिछले महीने यह मामला अपने हाथ में लिया और हाल ही में परप्पनंगड़ी की न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट-1 अदालत से मामले के रिकॉर्ड को कोच्चि स्थित उसकी विशेष अदालत में स्थानांतरित करने का अनुरोध किया।

यह मामला सात फरवरी 2026 को तिरुरंगाड़ी के पास चेम्माड में प्याज से लदे एक ट्रक में 448 बक्सों में छिपाकर रखी गई जिलेटिन की 89,600 छड़े और 10,500 विस्फोटक बरामद होने से संबंधित है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने एक ईंट भट्टे पर छापा मारा, जहां प्याज से लदा ट्रक खड़ा था और पाया कि कुछ लोग उसमें से विस्फोटक सामग्री उतार रहे थे।

तिरुरंगाड़ी पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि मामला केंद्रीय एजेंसी को सौंप दिया गया।

एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया था। हमारी जांच से संकेत मिला था कि विस्फोटकों का इस्तेमाल अवैध खनन के लिए किया जाना था, लेकिन बरामद सामग्री की भारी मात्रा को देखते हुए एनआईए ने विस्तृत जांच करने का फैसला किया।’’

पुलिस ने बताया कि उनकी जांच में पता चला कि विस्फोटक कर्नाटक के बीजापुर से लाए गए थे।

मामला विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा-4 (जीवन या संपत्ति को खतरे में डालने की मंशा से विस्फोटकों को रखने) और धारा-5 (संदिग्ध परिस्थितियों में रखने) के तहत दर्ज किया गया था।

एनआईए के कोच्चि की विशेष अदालत में आवेदन देने के बाद आरोपियों से पूछताछ करने की संभावना है।

सूत्रों ने बताया कि विस्फोटकों की आपूर्ति श्रृंखला और उनका निर्माण कहां हुआ, इस बात की भी विस्तृत जांच की जाएगी।

तिरुरंगाड़ी में विस्फोटक बरामद होने से कुछ दिन पहले पलक्कड़ में तरबूज से लदे एक ट्रक से भी 100 से अधिक बक्सों में जिलेटिन की छड़ और विस्फोटक बरामद किए गए थे।

भाषा गोला शोभना

शोभना


लेखक के बारे में