नोएडा (उप्र), 24 सितंबर (भाषा) दिल्ली से महोबा जा रही एक स्लीपर बस में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बस में 35 यात्री सवार थे। बस के चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया गया है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि बस की एयर-कंडीशनिंग प्रणाली में चिंगारी या धमाके के कारण आग लगी।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पंजीकरण संख्या बीआर32पीए8647 वाली बस नयी दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी, तभी जेवर थाने इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर उसमें आग लग गई।
कुमार ने कहा, ‘‘सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी, स्थानीय पुलिसकर्मी, बचावकर्मी, जेवर टोल प्लाजा पर तैनात एक दमकल गाड़ी और चार अन्य दमकल वाहन तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझायी’’
उन्होंने बताया, ‘‘इस अभियान के दौरान 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बचाया गया। जब पुलिस और अग्निशमन सेवा के कर्मचारी धुएं के बीच बस के अंदर घुसे, तो वहां नौ लोग मृत पाए गए। ऐसा लगता है कि उनकी मौत जलने या दम घुटने से हुई थी।’’
कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि बस की एयर-कंडीशनिंग प्रणाली में चिंगारी या धमाके की वजह से इंजन के ‘लुब्रिकेंट ऑयल’ में आग लग गई होगी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई।
अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अजीत कुमार सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना बुधवार रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। बस में 35 यात्री सवार थे और इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को विशेष वाहन से महोबा ले जाया गया।’’
उन्होंने बताया, ‘‘करीब 15 लोगों को विशेष वाहन से महोबा भेजा गया, जबकि कुछ लोग निजी वाहनों से चले गए। एक महिला अभी अस्पताल में भर्ती है और आरोग्य अस्पताल में उसका उपचार हो रहा है।’’
सिंह ने बताया कि शवों को शवगृह ले जाया गया है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है तथा बस के चालक व परिचालक को हिरासत में लिया गया है।’’
बस में यात्रा कर रहे हमीरपुर जिले के निवासी सुनील कुमार की शिकायत पर जेवर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए और मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
आदित्यनाथ ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
हादसे में घायल यात्री रेखा ने संवाददाताओं को बताया कि वह अपने पति के साथ यात्रा कर रही थीं। आग चालक की ओर वाले हिस्से में लगी, जिसके बाद बस में धुआं भर गया। उन्होंने बताया कि चालक बस छोड़कर भाग गया।
उन्होंने कहा कि वह किसी तरह बस से बाहर निकलीं और सड़क पर गिर गईं।
रेखा ने कहा, ‘‘बस रुक गई थी और यात्री अपनी जान बचाने के लिए बस से बाहर कूद रहे थे।’’
भाषा
गोला मनीषा
मनीषा