ठाणे, 24 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस ने नकली दवाओं के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए 2.84 लाख रुपये मूल्य की विभिन्न दवाएं जब्त की हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, एक दवा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 21 सितंबर को वागले एस्टेट इलाके में मुंबई निवासी एक व्यक्ति को पकड़ा।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने लखनऊ की एक दवा कंपनी से जुड़े व्यक्ति के साथ मिलकर अवैध आर्थिक लाभ के लिए नकली दवाओं का निर्माण और भंडारण किया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से नकली दवाओं की खेप बरामद की जिनमें
शामिल कई नकली दवाओं को नामी दवा कंपनियों के उन उत्पाद के रूप में दिखाया गया था जिन्हें चिकित्सक मरीजों के लिए व्यापक रूप से पर्चे पर लिखते हैं।
अधिकारी ने कहा कि आरोपियों के पास दवाओं के निर्माण या बिक्री का वैध लाइसेंस नहीं था और वे इस स्टॉक को एक अनधिकृत खरीदार को बेचने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा संतोष
संतोष