पश्चिमी दिल्ली की इमारत में खड़े वाहनों में लगी आग, नौ लोगों को सुरक्षित निकाला गया

पश्चिमी दिल्ली की इमारत में खड़े वाहनों में लगी आग, नौ लोगों को सुरक्षित निकाला गया

पश्चिमी दिल्ली की इमारत में खड़े वाहनों में लगी आग, नौ लोगों को सुरक्षित निकाला गया
Modified Date: July 21, 2026 / 10:02 pm IST
Published Date: July 21, 2026 10:02 pm IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के फतेह नगर स्थित एक रिहायशी इमारत के पार्किंग क्षेत्र में मंगलवार तड़के आग लगने के बाद नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, लेकिन सटीक कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘बचाव अभियान के दौरान, साक्षी (40) नामक महिला घबरा गई और उसने पहली मंजिल से कूदने का प्रयास किया। पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत गद्दे की व्यवस्था की, जिसके कारण वह सुरक्षित रूप से नीचे उतर गई और उसे कोई चोट नहीं आई।’’

उन्होंने बताया कि तीसरी मंजिल पर फंसे बुजुर्ग दंपति को भी निकाला गया। उनके मुताबिक, बुजुर्ग महिला की चार दिन पहले ही ‘हिप रिप्लेसमेंट’ सर्जरी हुई थी और वह चलने-फिरने में असमर्थ थी।

अधिकारी ने कहा कि दंपति घर से नहीं निकलना चाह रहा था, लेकिन पुलिस ने उन्हें मना लिया और उन्हें घर से निकाल लिया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘महिला को व्हीलचेयर पर बिठाया गया और उनके पति के साथ सुरक्षित इमारत में नीचे लाया गया। घटना के दौरान, आग के कारण ऊपरी मंजिल पर रखे दो एलपीजी सिलेंडर फट गए। हालांकि, किसी भी निवासी को कोई चोट नहीं आई।’’

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3:50 बजे जेल रोड पर रणबीर बेकरी के पास फतेह नगर स्थित एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली।

डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि आग की चपेट में पार्किंग में खड़ी दो कारें, दो स्कूटर और भूतल सहित चार मंजिला रिहायशी इमारत का कुछ हिस्सा आ गया।

अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि आग बुझाने के दौरान रसोई गैस के दो सिलेंडर फट गए, हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। इमारत में मौजूद सभी नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

शुरुआत में मौके पर दमकल की दो गाड़ियों को भेजा गया। आग की तीव्रता बढ़ने पर दमकल के और वाहनों को भी घटनास्थल पर भेजा गया।

अधिकारी ने बताया कि सुबह 6:35 बजे आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने कहा कि हरि नगर थाने में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पार्किंग क्षेत्र में लगी मिली, और आवासीय भवन की सभी चार मंजिलों तक फैल गई थी।

घटना की सूचना के बाद अग्निशमन सेवा भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि, संकरी गलियां होने के कारण दमकल की गाड़ियां इमारत तक नहीं पहुंच सकीं।

अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों ने अग्निशमन सेवा की सहायता से फंसे हुए निवासियों को निकालने के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और सीढ़ियों का उपयोग किया।

उन्होंने बताया कि लोगों को इमारत से बाहर निकालने के दौरान एक उपनिरीक्षक के दाहिने पैर में चोट लग गई। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की आगे की जांच की जा रही है।

भाषा नोमान नोमान दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में