छात्रावास की छत से गिरकर एनआईएसईआर भुवनेश्वर के छात्र की मौत

छात्रावास की छत से गिरकर एनआईएसईआर भुवनेश्वर के छात्र की मौत

छात्रावास की छत से गिरकर एनआईएसईआर भुवनेश्वर के छात्र की मौत
Modified Date: September 19, 2026 / 04:56 pm IST
Published Date: September 19, 2026 4:56 pm IST

भुवनेश्वर, 19 सितंबर (भाषा) भुवनेश्वर स्थित राष्ट्रीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईएसईआर) के एमएससी तृतीय वर्ष के एक छात्र की कथित रूप से छात्रावास की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृत छात्र डीएसवी विनय महाराष्ट्र के नागपुर के रहने वाले थे और वह एकीकृत गणित में एमएससी के तृतीय वर्ष के छात्र थे।

पुलिस के अनुसार, विनय शुक्रवार शाम परिसर में स्थित एक छात्रावास की तीसरी मंजिल से गिर गए।

सुरक्षा गार्ड उन्हें तत्काल परिसर के स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)-भुवनेश्वर स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने बताया कि अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जटनी के थाना प्रभारी निरीक्षक स्टालिन बिस्वाल ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि छात्र ने आत्महत्या की है।’’

उन्होंने बताया, ‘‘शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हमने उनके परिवार को भी घटना की जानकारी दे दी है।’’

भाषा सुरभि दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में