नितिन नवीन भाजपा की चुनाव तैयारियों की समीक्षा करने के लिए बंगाल का दौरा करेंगे

नितिन नवीन भाजपा की चुनाव तैयारियों की समीक्षा करने के लिए बंगाल का दौरा करेंगे

नितिन नवीन भाजपा की चुनाव तैयारियों की समीक्षा करने के लिए बंगाल का दौरा करेंगे
Modified Date: March 23, 2026 / 10:38 pm IST
Published Date: March 23, 2026 10:38 pm IST

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए मंगलवार को पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे।

इस दौरे के दौरान नवीन पार्टी की डिजिटल, सोशल और जमीनी स्तर पर पहुंच को मजबूत करने के लिए राज्य इकाई के नेताओं के साथ कई ‘उच्च स्तरीय रणनीतिक बैठकों’ की अध्यक्षता करेंगे।

पार्टी ने बताया, ‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल (मंगलवार) पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे, जहां वह चुनाव तैयारियों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करेंगे।’

पार्टी ने बताया कि अपने इस दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष पार्टी की डिजिटल, सोशल और जमीनी स्तर की पहुंच को मजबूत करने के उद्देश्य से कई उच्च स्तरीय रणनीतिक बैठकें करेंगे।

भाजपा ने कहा कि नवीन सोमवार को कोलकाता में हावड़ा और हुगली जोन के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अपने ‘मैराथन सत्रों’ की शुरुआत करेंगे।

भाजपा ने कहा कि बुधवार को नवीन राज्य की समृद्धि के लिए आशीर्वाद प्राप्त करने के लिये दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।

पार्टी ने कहा, “इसके बाद वह कोलकाता के साल्ट लेक स्थित पार्टी के राज्य कार्यालय में भाजपा की राज्य चुनाव प्रबंधन टीम से मिलेंगे और बूथ स्तर की तैयारियों और चुनाव व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करेंगे।”

भाजपा ने बताया कि नवीन पार्टी की राज्य इकाई के विभिन्न इकाइयों जिनमें महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा और धार्मिक संगठन शामिल हैं, से भी बातचीत करेंगे।

पार्टी ने बताया कि बुधवार को भाजपा अध्यक्ष राज्य कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ “रणनीतिक चर्चा” करेंगे।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में