असम और मेघालय के बीच सीमा विवाद को लेकर कोई टकराव नहीं: हिमंत विश्व शर्मा

असम और मेघालय के बीच सीमा विवाद को लेकर कोई टकराव नहीं: हिमंत विश्व शर्मा

असम और मेघालय के बीच सीमा विवाद को लेकर कोई टकराव नहीं: हिमंत विश्व शर्मा
Modified Date: July 9, 2026 / 08:04 pm IST
Published Date: July 9, 2026 8:04 pm IST

जोवाई (मेघालय), नौ जुलाई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और मेघालय के उनके समकक्ष कॉनराड के. संगमा ने बृहस्पतिवार को बातचीत व आपसी समझ से लंबित अंतर-राज्यीय सीमा विवाद को सुलझाने के अपने संकल्प को दोहराया।

शर्मा ने कहा कि असम और मेघालय दशकों पुराने सीमा विवाद को सुलझाने के लिए दोस्ताना व सहयोगपूर्ण रवैया अपनाए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच ‘कोई टकराव नहीं’ है।

शर्मा ने जोवाई में सालाना बेहदीनखलाम उत्सव के दौरान पत्रकारों से कहा कि दोनों सरकारें लगातार संपर्क में हैं और बातचीत एवं आपसी समझ से अंतर-राज्यीय सीमा पर उठने वाले किसी भी मुद्दे को सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

शर्मा, मेघालय में इस त्योहार में शामिल होने आये हैं, जो पनार (जयंतिया) समुदाय के सबसे अहम धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहारों में से एक है।

पूर्वी मेघालय के जोवाई में हर साल मनाए जाने वाले इस त्योहार का मकसद अच्छी फसल, अच्छी सेहत और खुशहाली पाने के लिए ईश्वर का आशीर्वाद पाना तथा ईश्वर से बीमारियों, आपदाओं और बुरी आत्माओं से बचाने का प्रार्थना करना भी है।

शर्मा ने कहा, ‘‘मैं (मेघालय के) मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मिलता रहता हूं। इसलिए, बातचीत का रास्ता हमेशा खुला रहता है। हम मिलते रहते हैं और हमारे बीच कोई मनमुटाव नहीं है। जब भी कोई बात होती है, हम उसे तुरंत दोस्ताना भाव से सुलझा लेते हैं।’’

सीमावर्ती इलाकों में अक्सर होने वाले टकराव की खबरों के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने ऐसी चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि कुल मिलाकर स्थिति शांतिपूर्ण है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे ऐसा नहीं लगता… सब कुछ ठीक-ठाक है।’’

मेघालय सरकार ने असम के साथ सीमा वार्ता के दूसरे चरण को आगे बढ़ाने के लिए अपनी क्षेत्रीय समितियों का पुनर्गठन करने की घोषणा की थी, जिसके कुछ दिनों बाद शर्मा ने यह बयान दिया।

शर्मा और संगमा ने बातचीत और आपसी समझ के जरिए लंबित अंतर-राज्यीय सीमा विवाद को सुलझाने के अपने संकल्प को बार-बार दोहराया।

भाषा राजकुमार जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में