मांग बढ़ने और मानसून से खनन प्रभावित होने के बावजूद कोयले की कोई कमी नहीं: केंद्रीय मंत्री रेड्डी
मांग बढ़ने और मानसून से खनन प्रभावित होने के बावजूद कोयले की कोई कमी नहीं: केंद्रीय मंत्री रेड्डी
कोलकाता, 28 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने सोमवार को कहा कि ताप विद्युत की मांग बढ़ने, मानसून के कारण खनन गतिविधियां प्रभावित होने तथा पनबिजली उत्पादन में कमी के बावजूद देश में कोयले की कोई कमी नहीं है।
कोयला एवं खान मंत्री ने बिजली संयंत्रों में कथित कोयला संकट से जुड़ी खबरों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘कोयले की कोई कमी नहीं है। हम रेल मालगाड़ी और सड़क मार्ग से आपूर्ति कर रहे हैं।’’
रेड्डी यहां एसोचैम द्वारा आयोजित अंगुल एल्युमिनियम रोडशो से इतर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पनबिजली उत्पादन में कमी के कारण ताप विद्युत की मांग करीब 12-15 प्रतिशत बढ़ गई है, जबकि मानसून की स्थिति का असर कोयला खनन संबंधी गतिविधियों पर भी पड़ा है।
रेड्डी ने कहा कि इन अस्थायी व्यवधानों को कोयले की कमी नहीं माना जाना चाहिए और उन्होंने जोर देकर कहा कि कुल मिलाकर स्थिति सामान्य है।
भाषा मनीषा संतोष
संतोष

Facebook


