नोएडा हवाईअड्डे के रनवे और एप्रन क्षेत्र में नहीं हुआ जलभराव: यीडा अधिकारी

Ads

नोएडा हवाईअड्डे के रनवे और एप्रन क्षेत्र में नहीं हुआ जलभराव: यीडा अधिकारी

  •  
  • Publish Date - August 13, 2026 / 12:43 AM IST,
    Updated On - August 13, 2026 / 12:43 AM IST

नोएडा, 12 अगस्त (भाषा) यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को स्पष्ट किया कि मंगलवार को हुई भारी बारिश के दौरान नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे और ‘एप्रन’ क्षेत्र में किसी तरह का जलभराव नहीं हुआ।

साथ ही उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था सुचारु रही।

‘एप्रन’ क्षेत्र हवाई अड्डे का वह हिस्सा होता है जहां विमानों को खड़ा किया जाता है और उनकी उड़ान से पहले या बाद की जरूरी गतिविधियां की जाती हैं।

सिंह का यह स्पष्टीकरण मंगलवार को बारिश के कारण नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जलभराव होने की खबरों के बाद आया है।

सिंह ने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण हवाईअड्डे के पार्किंग क्षेत्र में कुछ समय के लिए हल्का जलभराव हुआ था, जिसे संबंधित टीम ने तत्काल कार्रवाई कर साफ कर दिया।

उन्होंने कहा कि भारी यातायात के दौरान भी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी गई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान जल निकासी और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। यीडा प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और यात्रियों तथा आमजन की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।

भाषा सं. गोला

गोला