नोएडा में दोहरे हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नोएडा में दोहरे हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नोएडा में दोहरे हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Modified Date: May 9, 2026 / 05:44 pm IST
Published Date: May 9, 2026 5:44 pm IST

नोएडा, नौ मई (भाषा) उत्तराखंड के नोएडा में दोहरे हत्याकांड के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी की पहचान अभिषेक (24) के रूप में हुई है।

पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित एक निर्माणाधीन छात्रावास में माली का काम करने आए शीशपाल (25) और इंद्रपाल (50) की शुक्रवार को फावड़े से हमला कर हत्या कर दी गई थी।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान अभिषेक नाम के युवक की भूमिका संदिग्ध पाई गई जो कि शीशपाल व इंद्रपाल के साथ ही काम करता था और घटना के बाद से फरार था।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने बताया कि शनिवार सुबह सूचना मिली कि वह शहर छोड़ने की फिराक में है जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस दल पर गोली चला दी।

उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो अभिषेक के दाहिने पैर में लगी। आरोपी के कब्जे से एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिंह ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि शीशपाल ने उसकी बहन के बारे में अपमानजनक और अश्लील टिप्पणी की थी।’’

डीसीपी ने कहा, ‘‘जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन तीनों शराब पी रहे थे। आरोपी ने बदला लेने की नीयत से कम शराब पी, जबकि अन्य दोनों को अधिक शराब पिलाई। जब दोनों नशे में सो गए, तब उसने फावड़े से हमला कर शीशपाल की हत्या कर दी। इस दौरान इंद्रपाल की नींद खुल गई, जिसके बाद आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी।’’

भाषा

सं खारी रवि कांत


लेखक के बारे में