नोएडा: निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से मलबे में पांच लोग दबे, एक महिला की मौत

नोएडा: निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से मलबे में पांच लोग दबे, एक महिला की मौत

नोएडा: निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से मलबे में पांच लोग दबे, एक महिला की मौत
Modified Date: March 13, 2026 / 02:02 pm IST
Published Date: March 13, 2026 2:02 pm IST

नोएडा, 13 मार्च (भाषा) जेवर थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से उसके मलबे में दो महिलाओं समेत पांच लोग दब गए, जिनमें से एक महिला की मौत हो गई। आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि जेवर थाना में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि घटिया सामग्री का प्रयोग करने के कारण निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई, जिसमें उनकी पत्नी सहित पांच लोग दब गए। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई।

जेवर के थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को ललितपुर जिला निवासी रमेश ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी रानी, हरिश्चंद्र और उनकी पत्नी अनीता एवं अन्य के साथ ग्राम राममेहर के निवासी रवींद्र छोंकर के प्लॉट पर भवन निर्माण का कार्य कर रहे थे। आरोप है कि राममेहर निर्माणकार्य में खराब ईंट तथा मिट्टी से चिनाई करवा रहे थे।

रमेश ने बताया कि जब उन्होंने खराब निर्माण सामग्री के कारण निर्माण करने से मना किया तो आरोपी नहीं माना। पीड़ित के अनुसार खराब ईंट व मिट्टी से चिनाई के चलते 12 मार्च की शाम को दीवार अचानक गिर गई, जिससे मौके पर मौजूद उनकी पत्नी रानी, अनीता, हरिश्चंद्र, हरभजन तथा रविंद्र छोंकर की पत्नी शशि मलबे में दब गए।

थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना में अनीता और शशि को गंभीर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान अनीता की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं शोभना सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में