नोएडा हिंसक प्रदर्शन मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार

नोएडा हिंसक प्रदर्शन मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार

नोएडा हिंसक प्रदर्शन मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार
Modified Date: April 20, 2026 / 10:09 am IST
Published Date: April 20, 2026 10:09 am IST

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 20 अप्रैल (भाषा) नोएडा के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में हुए हिंसक मजदूर प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु ठाकुर और सत्यम वर्मा के रूप में हुई है जिन्हें रविवार देर रात फेज-दो थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

उसने बताया कि दोनों ‘बिगुल मजदूर दस्ता’ के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं और घटना के मुख्य साजिशकर्ता आदित्य आनंद से पूछताछ के बाद इनकी गिरफ्तारी की गई है।

नोएडा में 13 अप्रैल को फैक्टरियों के हजारों कामगारों ने वेतन वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी थी। विरोध प्रदर्शन कई जगहों पर हिंसक हो गया, जिसके चलते आगजनी, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं।

पुलिस प्रवक्ता विजय कुमार गुप्ता ने कहा, ‘‘हिमांशु ठाकुर घटना के दिन नोएडा में मौजूद था और वह कथित मुख्य साजिशकर्ता आदित्य आनंद के लगातार संपर्क में था।’’

अधिकारियों के अनुसार, हिमांशु ठाकुर एक यूट्यूबर है और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह श्रमिकों के संपर्क में रहकर वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें भड़काने का काम कर रहा था।’’

पुलिस ने बताया कि इस मामले में इससे पहले आदित्य आनंद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालिया गिरफ्तारी को जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जांच में यह भी सामने आया है कि हिमांशु ठाकुर उच्च शिक्षा प्राप्त है और श्रमिकों की समस्याओं पर शोध की तैयारी कर रहा था। वह आकृति नामक युवती के संपर्क में आने के बाद इस संगठन से जुड़ा, जिसे पुलिस पहले ही इस मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। आकृति के माध्यम से ही उसका संपर्क आदित्य आनंद से हुआ था।’’

पुलिस, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

भाषा सं खारी

खारी


लेखक के बारे में