नोएडा : दिनदहाड़े कारोबारी की हत्या के मामले में तीन बदमाश गिरफ्तार

Ads

नोएडा : दिनदहाड़े कारोबारी की हत्या के मामले में तीन बदमाश गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 25, 2026 / 08:50 AM IST,
    Updated On - February 25, 2026 / 08:50 AM IST

नोएडा, 25 फरवरी (भाषा) थाना ईकोटेक-प्रथम क्षेत्र के लुक्सर गांव में पत्नी और बच्चों के सामने कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार देर रात तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक बदमाश को पकड़ा गया जिसके पैर में गोली लगी है और उसके दो अन्य साथियों को भी बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दिन में कारोबारी नितिन नागर की हत्या में वांछित बदमाश पुआरी गांव के पास से गुजर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने बदमाशों को घेर लिया।

अधिकारी के अनुसार खुद को पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस दल पर गोली चला दी, वहीं पुलिस ने भी गोली चलाई जो गोलू नामक बदमाश के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि उसके दो साथियों राजेश व नितिन को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

कुमार ने बताया कि मंगलवार दोपहर को कारोबारी नितिन नागर (28) को उसके गांव लुक्सर में ही गोली मार दी गई थी और बाद में बदमाशों ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया।

पुलिस अधिकारी के अनुसार वारदात के समय व्यापारी की पत्नी और बच्चे भी मौजूद थे और जब वे उसे बचाने के लिए आगे आए तो बदमाशों ने हवा में पिस्तौल लहराते हुए उन्हें धमकी दी।

गंभीर रूप से घायल नितिन को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसकी मौत हो गई।

भाषा सं. वैभव

वैभव