सनातन के प्रति आस्था का हलफनामा देने वाले गैर हिंदुओं को मंदिर में दर्शन: मंदिर समिति अध्यक्ष

सनातन के प्रति आस्था का हलफनामा देने वाले गैर हिंदुओं को मंदिर में दर्शन: मंदिर समिति अध्यक्ष

सनातन के प्रति आस्था का हलफनामा देने वाले गैर हिंदुओं को मंदिर में दर्शन: मंदिर समिति अध्यक्ष
Modified Date: March 17, 2026 / 09:00 pm IST
Published Date: March 17, 2026 9:00 pm IST

देहरादून, 17 मार्च (भाषा) बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर परिसरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी देने वाली बदरीनाथ—केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मंगलवार को कहा कि फिल्म अभिनेत्री सारा अली खान या अन्य कोई गैर हिंदू अगर सनातन के प्रति अपनी आस्था के बारे में हलफनामा देता है तो उसे मंदिरों में दर्शन कराए जाएंगे।

द्विवेदी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सनातन धर्म के प्रति आस्था रखने वाले सभी सनातनी हैं और अगर वे इस बारे में हलफनामा देते हैं तो उन सबका बदरीनाथ और केदारनाथ में स्वागत है।

उन्होंने कहा, ‘‘जिनकी (गैर हिंदुओं की) सनातन धर्म के प्रति आस्था होगी और जो लिखेगा कि मैं सनातनी हूं, मैं हिंदुत्व को मानता हूं, उन सबका स्वागत है।’’

‘केदारनाथ’ फिल्म की अभिनेत्री के बारे में पूछे जाने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष ने कहा, ‘‘सारा अली खान अगर कहेंगी कि उनकी सनातन के प्रति आस्था है, भाव है और वह हलफनामा देंगी तो उन्हें दर्शन कराए जाएंगे।’’

उन्होंने बताया कि हलफनामे के लिए मंदिर समिति ने प्रारूप तैयार कर लिया है।

गौरतलब है कि मंदिर समिति के बोर्ड की 10 मार्च को हुई बैठक में बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर परिसरों और गर्भगृहों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गयी थी।

द्विवेदी ने कहा कि यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगले माह से शुरू हो रही चारधाम यात्रा की तैयारियां जोरों से जारी हैं और केवल 10 दिनों में 16 मार्च तक छह लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के लिए अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए आनलाइन पंजीकरण छह मार्च से शुरू हुआ था।

इस वर्ष की चारधाम यात्रा की शुरूआत 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व से हो रही है जब गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलेंगे। बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल और केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल रहे हैं।

भाषा दीप्ति अमित

अमित


लेखक के बारे में