जब्त हथियारों की संख्या मणिपुर में जातीय हिंसा में लूटे गए हथियारों की संख्या से कहीं अधिक : कोंथौजम
जब्त हथियारों की संख्या मणिपुर में जातीय हिंसा में लूटे गए हथियारों की संख्या से कहीं अधिक : कोंथौजम
इम्फाल, 11 मार्च (भाषा) मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने बुधवार को कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा जब्त किए गए हथियारों की संख्या राज्य में जातीय हिंसा की शुरुआत में लूटे गए हथियारों की संख्या से कहीं अधिक है।
कोंथौजम ने विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र के अवैध अप्रवासियों, आग्नेयास्त्रों की बरामदगी और शांति के मार्ग से संबंधित मुद्दों पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए यह बयान दिया।
मंत्री ने कहा, ‘‘सुरक्षा बलों द्वारा जब्त किए गए हथियारों की संख्या लूटे गए हथियारों की संख्या से अधिक है। कुल 6,020 हथियार लूटे गए हैं, जबकि 7,437 हथियार बरामद किए गए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर की सीमाएं खुली होने के कारण, अन्य देशों से अवैध हथियारों की तस्करी के मामले सामने आए हैं। इसलिए ऐसी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ लगाई जा रही है। गृह मंत्रालय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सरकारी शस्त्रागारों से लूटे गए सभी हथियारों को बरामद करने का प्रयास कर रही है।’’
उन्होंने कहा कि सरकार हितधारकों के साथ नियमित बैठकें कर रही है और शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सुरक्षा उपायों को तेज कर दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार को पूरा विश्वास है कि सभी सशस्त्र लोगों को निरस्त्र करने से सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


