ओडिशा: भाजपा ने पार्टी प्रमुख नितिन नवीन के स्वागत के लिए विशाल ई-बाइक रैली की योजना बनाई
ओडिशा: भाजपा ने पार्टी प्रमुख नितिन नवीन के स्वागत के लिए विशाल ई-बाइक रैली की योजना बनाई
भुवनेश्वर, 13 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई 18 मई को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की राज्य की पहली यात्रा के दौरान उनका स्वागत करने के लिए भुवनेश्वर में एक विशाल ई-बाइक रैली निकालेगी।
यह रैली भुवनेश्वर हवाई अड्डे से शुरू होकर जटानी में समाप्त होगी, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए एक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
पार्टी के वरिष्ठ नेता जगन्नाथ प्रधान ने पत्रकारों से कहा, “हम भाजपा अध्यक्ष के स्वागत के लिए एक विशाल ई-बाइक रैली की योजना बना रहे हैं। यह रैली वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के मद्देनजर ईंधन बचत और खर्च में कटौती के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के अनुरूप आयोजित की जा रही है।”
उन्होंने बताया कि मंगलवार को भाजपा राज्य मुख्यालय में हुई बैठक में ई-बाइक रैली के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने बताया कि नवीन की यात्रा का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में जोश भरना है।
सामल ने बताया कि जटानी में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करने के अलावा नवीन भुवनेश्वर में भाजपा कोर कमेटी और राज्य मंत्रिपरिषद की बैठकों में भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उपमुख्यमंत्री केवी सिंह देव व प्रवाती पारिदा के भी बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।
इस यात्रा को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि ओडिशा में अगले साल की शुरुआत में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने वाले हैं।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव

Facebook


