ओडिशा : मुख्यमंत्री ने लिंगराज मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 330 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की

ओडिशा : मुख्यमंत्री ने लिंगराज मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 330 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की

ओडिशा : मुख्यमंत्री ने लिंगराज मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 330 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की
Modified Date: February 16, 2026 / 12:55 pm IST
Published Date: February 16, 2026 12:55 pm IST

भुवनेश्वर, 16 फरवरी (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने राज्य की राजधानी भुवनेश्वर स्थित श्री लिंगराज मंदिर की एकाम्र परियोजना पर फिर से काम शुरू करने के लिए 330 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की है।

‘एकाम्र क्षेत्र सुविधाएं एवं स्मारक पुनरुद्धार कार्रवाई (एकाम्र)’ परियोजना को पूर्ववर्ती बीजू जनता दल (बीजद) सरकार ने 2019 में शुरू किया था, लेकिन कोविड महामारी के दौरान काम ठप हो गया था।

रविवार की रात, 11वीं शताब्दी के इस मंदिर में आयोजित महाशिवरात्रि उत्सव में माझी ने कहा, ‘‘एकाम्र क्षेत्र का विकास 330 करोड़ रुपये के निवेश से किया जाएगा।’’

एकाम्र क्षेत्र से तात्पर्य ओडिशा के सबसे प्राचीन मंदिरों में से एक लिंगराज मंदिर में भगवान शिव के वास स्थान से है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरी का जगन्नाथ मंदिर और भुवनेश्वर का लिंगराज मंदिर ओड़िया आध्यात्मिकता के दो मुख्य केंद्र हैं और राज्य सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने कहा, ‘‘एकाम्र परियोजना के पहले चरण में, एकाम्र क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 180 करोड़ रुपये की लागत से काम जल्द ही शुरू होगा। दूसरे चरण में, 150 करोड़ रुपये के निवेश से एक व्याख्यान केंद्र स्थापित किया जाएगा और आसपास के विकास कार्य भी किए जाएंगे।’’

कानून और कार्य मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने बताया कि लिंगराज मंदिर में पुनरुद्धार कार्य मार्च 2027 तक पूरा किया जाएगा।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में