ओडिशा के मुख्यमंत्री ने मार्च 2027 तक 2,200 जीएमएमपी स्कूलों के लिए भूमि चिह्नित करने को कहा
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने मार्च 2027 तक 2,200 जीएमएमपी स्कूलों के लिए भूमि चिह्नित करने को कहा
भुवनेश्वर, आठ जुलाई (भाषा) गोदाबरिश मिश्रा मॉडल प्राथमिक विद्यालय (जीएमएमपीएस) कार्यक्रम के क्रियान्वयन में हो रही देरी से नाराज ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को जिलाधिकारियों से मार्च 2027 तक कम से कम 2,200 ऐसे विद्यालयों की स्थापना के लिए भूमि चिह्नित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने ओडिशा की भाजपा सरकार के प्रमुख कार्यक्रम जीएमएमपीएस की प्रगति की समीक्षा करते हुए यह निर्देश जारी किया।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे राज्य में प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
राज्य सरकार ने सभी ग्राम पंचायतों में जीएमएमपीएस स्कूलों का निर्माण करने की योजना बनाई है, जिसके लिए वित्त वर्ष 2026-27 में 2,200 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। पिछले वर्ष का आवंटन 50 करोड़ रुपये था।
माझी ने जिलाधिकारियों से कहा कि यदि सरकारी भूमि की कमी है, तो वे स्कूलों के निकट निजी भूमि का अधिग्रहण करें।
उन्होंने कहा कि वह समय पर परियोजना के क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए हर महीने व्यक्तिगत रूप से इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता काफी हद तक जिला स्तर पर प्रभावी समन्वय पर निर्भर करती है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में जिलाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
भाषा
देवेंद्र शोभना
शोभना

Facebook


