ओडिशा: पुलिस हिरासत में यातना के बाद दिहाड़ी मजदूर की मौत, जांच के आदेश

ओडिशा: पुलिस हिरासत में यातना के बाद दिहाड़ी मजदूर की मौत, जांच के आदेश

ओडिशा: पुलिस हिरासत में यातना के बाद दिहाड़ी मजदूर की मौत, जांच के आदेश
Modified Date: June 1, 2026 / 04:08 pm IST
Published Date: June 1, 2026 4:08 pm IST

भुवनेश्वर, एक जून (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में पुलिस हिरासत में कथित तौर पर यातना के बाद 32 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर की मौत के मामले में डीजीपी ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

मृतक की पहचान सुशांत साहू के रूप में हुई है, जो कविसूर्यनगर थाना क्षेत्र के सुबलाया गांव के निवासी थे। उन्हें पुलिस ने 25 मई को हिरासत में लिया था।

पुलिस ने बताया कि साहू को रविवार रात ब्रह्ममपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

साहू की पत्नी मामाजिन प्रधान ने आरोप लगाया, ‘‘पुलिस ने उन्हें बेरहमी से पीटा…शव पर चोट के निशान थे। पुलिस द्वारा उन पर गर्म पानी डालने से शरीर पर छाले भी पड़ गए।’’

प्रधान ने बताया कि साहू को पहले कविसूर्यनगर अस्पताल ले जाया गया और बाद में एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राज्य पुलिस मुख्यालय ने एक बयान में कहा कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई बी खुरानिया ने मानवाधिकार संरक्षण प्रकोष्ठ (एचआरपीसी) को कथित घटना की जांच का आदेश दिया है।

दक्षिणी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नीति शेखर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, ‘‘शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अगर यह पाया जाता है कि हिरासत में व्यक्ति के साथ शारीरिक दुर्व्यवहार किया गया था, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

उन्होंने बताया कि थानों में शारीरिक यातना देने का कोई प्रावधान नहीं है। आईजी ने कहा, ‘‘यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि साहू को इलाके में स्थित पत्थर की खदान पर छापा मारने गई पुलिस टीम पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था।

पिछले एक महीने में हिरासत में यातना के तीन मामले आए हैं।

विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) ने एक बयान में आरोप लगाया कि 2025-26 में 15 मार्च तक राज्य में कम से कम नौ लोगों की हिरासत में मौत हुई है।

भाषा आशीष मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में