ओडिशा के किसान की मौत, परिवार ने धान खरीद से संबंधित उत्पीड़न को जिम्मेदार ठहराया
ओडिशा के किसान की मौत, परिवार ने धान खरीद से संबंधित उत्पीड़न को जिम्मेदार ठहराया
केंद्रपाड़ा (ओडिशा), 26 फरवरी (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में धान खरीद प्रक्रिया के दौरान कथित उत्पीड़न से आहत एक किसान की बृहस्पतिवार को हृदयाघात से मौत हो गई। परिजनों ने यह दावा किया है।
मृतक की पहचान राजनगर तहसील के जुनागड़ी गांव निवासी 47 वर्षीय त्रिलोचन नायक के रूप में हुई है।
परिवार के अनुसार, नायक को एक चावल की मिल से बुधवार देर रात घर लौटने के बाद सीने में दर्द की शिकायत हुई। उन्हें ईश्वरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया, जहां बृहस्पतिवार को चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने कहा कि चिकित्सकों ने हृदयाघात को मौत का कारण बताया। नायक के परिवार में उसकी पत्नी और 19 वर्षीय उसका पुत्र हैं।
यह घटना राज्य में धान खरीद को लेकर कुप्रबंधन और किसानों के उत्पीड़न के आरोपों के बीच सामने आई है।
बीजू जनता दल के प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने नायक को “सरकारी उदासीनता का शिकार” बताया।
पार्टी के उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने भुवनेश्वर में संवाददता सम्मेलन में राज्य के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
केंद्रपाड़ा के जिलाधिकारी रघुराम आर अय्यर ने कहा, ‘परिवार के सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता का पता लगाने के लिए एक प्रशासनिक जांच जारी है।’
वहीं, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री के.सी. पात्रा ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है और जांच के लिए टीम भेजी जाएगी।
भाषा राखी सिम्मी
सिम्मी

Facebook


