ओडिशा के किसानों को पीएम-किसान किस्त के रूप में 684 करोड़ रुपये मिले: माझी
ओडिशा के किसानों को पीएम-किसान किस्त के रूप में 684 करोड़ रुपये मिले: माझी
भुवनेश्वर, 13 मार्च (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के 34 लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा असम के गुवाहाटी से वितरित पीएम-किसान योजना की किस्त के रूप में 684 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
माझी, यहां प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 22वीं किस्त के वितरण के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में शामिल हुए थे।
पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर में लगभग 93 लाख किसानों को 2000 रुपये प्रति किसान की किस्त मिली है।
माझी ने ‘फेसबुक’ पर लिखा, “हमारे किसान भाई-बहन समृद्धि के सच्चे निर्माता हैं। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से ‘पीएम किसान’ योजना की 22वीं किस्त जारी की। इसके माध्यम से हमारे राज्य के लगभग 34.24 लाख किसानों के बैंक खातों में सीधे 684 करोड़ रुपये का अंतरण किया गया।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘डबल इंजन’ वाली सरकार (ओडिशा और केंद्र में भाजपा सरकार) प्रत्येक किसान परिवार के समग्र विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। माझी ने कहा, “पीएम किसान योजना के साथ-साथ राज्य की ‘सीएम किसान’ और ‘सुभद्रा’ योजनाओं के संयुक्त प्रभाव से आज हम किसान परिवारों की वार्षिक आय में कई गुना वृद्धि करने में सक्षम हुए हैं।”
इस पहल के तहत अब तक 51.54 लाख से अधिक लाभार्थियों को 2,991 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई है, जिसमें 3,236 से अधिक विशेष रूप से कमजोर आदिवासी समूह के किसान व शहरी क्षेत्रों के 31,695 किसानों को दी गई सहायता शामिल है।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत

Facebook


