ओडिशा: संबलपुर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में वांछित गैंगस्टर घायल

ओडिशा: संबलपुर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में वांछित गैंगस्टर घायल

ओडिशा: संबलपुर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में वांछित गैंगस्टर घायल
Modified Date: May 17, 2026 / 01:19 pm IST
Published Date: May 17, 2026 1:19 pm IST

संबलपुर, 17 मई (भाषा) ओडिशा के संबलपुर जिले में रविवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में 14 आपराधिक मामलों में वांछित एक कुख्यात गैंगस्टर घायल हो गया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार, पुलिस तड़के करीब पांच बजे बुरला के प्लैनेटेरियम छक के पास वाहनों की जांच कर रही थी। बयान में बताया गया कि इस दौरान संबलपुर विश्वविद्यालय की दिशा से आ रही एक कार को रुकने का इशारा किया गया लेकिन चालक ने वाहन को हीराकुड बांध के ‘राइट डाइक’ रोड की ओर मोड़ दिया।

बयान के अनुसार, पुलिस ने वाहन का पीछा किया और उसे फिशरी छक के पास रोक लिया।

पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति कार से कूद गया और भागते हुए उसने पुलिसकर्मियों पर तीन गोलियां चलाईं। पुलिस के मुताबिक, पुलिस ने आत्मरक्षा में दो गोलियां चलाईं और इसमें गैंगस्टर के दाहिने पैर में चोट आई।

पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान मनीष साहू के रूप में हुई है, जो डकैती, लूट और प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी सहित 14 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित है। पुलिस ने बताया कि गैंगस्टर के तीन साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस टीम ने एक कारतूस सहित एक पिस्तौल, तीन खोखे, कार, पांच मोबाइल फोन और प्रतिबंधित कफ सिरप की 10 बोतलें बरामद कीं।

पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी को इलाज के लिए बुरला स्थित विम्सर अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा मामले की जांच जारी है।

भाषा जितेंद्र अमित

अमित


लेखक के बारे में