ओडिशा: एनआईए ने भुवनेश्वर विस्फोट की जांच शुरू की

Ads

ओडिशा: एनआईए ने भुवनेश्वर विस्फोट की जांच शुरू की

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 07:52 PM IST

भुवनेश्वर, नौ अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने जनवरी में भुवनेश्वर में हुए विस्फोट की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

इस विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एनआईए की तीन सदस्यीय टीम ने यहां एयरफील्ड थाने का दौरा किया और आजाद नगर में 27 जनवरी को हुए विस्फोट के संबंध में प्राथमिकी तथा फोरेंसिक रिपोर्ट सहित दस्तावेज एकत्र किए।

उन्होंने बताया कि जांचकर्ताओं ने जनवरी में विस्फोट स्थल का दौरा किया था और शुरुआती पड़ताल के हिस्से के रूप में फोरेंसिक साक्ष्य तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी।

भुवनेश्वर के सहायक पुलिस आयुक्त (जोन 2) कृष्ण चंद्र पालेई ने यहां पत्रकारों से कहा, “कानूनी प्रक्रिया के अनुसार, यह मामला एनआईए को सौंपा जा रहा है। वे जो भी दस्तावेज मांगेंगे, हम उन्हें उपलब्ध कराएंगे।”

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने सोमवार को पुलिस आयुक्त एस. देवदत्त सिंह को पत्र लिखकर विस्फोट के संभावित आतंकी पहलू की विस्तृत जांच के लिए मामले को स्थानांतरित करने का अनुरोध किया था।

उन्होंने बताया कि एनआईए का इरादा बड़े आपराधिक नेटवर्क से संभावित संबंधों की जांच करना और यह पता लगाना है कि क्या विस्फोट में आरडीएक्स जैसे उच्च श्रेणी के विस्फोटकों का इस्तेमाल किया गया था।

भुवनेश्वर-कटक आयुक्तालय पुलिस ने पहले कहा था कि मुख्य संदिग्ध शाहनवाज मलिक (26) अपने किराए के मकान की छत पर कथित रूप से विस्फोटक उपकरण तैयार कर रहा था और तब हुए विस्फोट में चार लोग घायल हो गए थे।

मलिक का आपराधिक इतिहास है।

पुलिस ने बताया कि बाद में मलिक और लिजातुन बीबी नामक एक महिला की गंभीर रूप से झुलसने के कारण मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोगों की जान बच गई थी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हालांकि यह संदेह है कि मलिक ने कुछ उच्च श्रेणी के विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल किया होगा, लेकिन अब तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि वह आरडीएक्स था या नहीं।’’

भाषा यासिर प्रशांत

प्रशांत

ताजा खबर