ओडिशा: 6.88 करोड़ रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में एक और व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

ओडिशा: 6.88 करोड़ रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में एक और व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 04:20 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 04:20 PM IST

भुवनेश्वर, 28 मई (भाषा) ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने भुवनेश्वर से एक और व्यक्ति को 6.88 करोड़ रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया है।

इससे पहले, इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और वे न्यायिक हिरासत में हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को बुधवार को भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया गया और उसे बृहस्पतिवार को कटक की अदालत में पेश किया जाएगा।

यह कार्रवाई भुवनेश्वर स्थित एक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई।

अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने मई 2022 से नवंबर 2023 के बीच फर्जी रोजगार रिकॉर्ड पेश करके बैंक की विभिन्न शाखाओं से 6.88 करोड़ रुपये के 282 ऋण प्राप्त किए।

उन्होंने बताया कि ऋण लेने के बाद, ऋणधारकों ने कथित तौर पर मासिक किस्त का भुगतान करना बंद कर दिया, और ऋण खाते एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां) में बदल गए।

ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को गिरफ्तार किया गया आरोपी इन फर्जी दस्तावेजों को तैयार करने में बिचौलिए की भूमिका निभा रहा था।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश