ओडिशा पुलिस ने छत्तीसगढ़ सीमा पर सट्टेबाजी गिरोह का किया भंडाफोड़, 26 लोग गिरफ्तार
ओडिशा पुलिस ने छत्तीसगढ़ सीमा पर सट्टेबाजी गिरोह का किया भंडाफोड़, 26 लोग गिरफ्तार
राउरकेला, एक जून (भाषा) ओडिशा पुलिस ने सुंदरगढ़ जिले में छत्तीसगढ़ सीमा से लगे इलाके में सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सुंदरगढ़ के पुलिस अधीक्षक अमृतपाल कौर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रविवार रात छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा के पास जामझरिया जंगल में छापा मारकर आरोपियों को पकड़ा।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने 11.16 लाख रुपये, दोनों राज्यों के नंबर वाले नौ दोपहिया वाहन, तीन चारपहिया वाहन और 31 मोबाइल फोन भी जब्त किए।’’
कौर ने कहा कि अन्य संदिग्धों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पुलिस ने इंडियन प्रीमियर लीग के टी20 क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने के आरोप में सुंदरगढ़ जिले के एक दुकानदार को भी गिरफ्तार किया है और तीन अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
कौर ने कहा, ‘‘बीरमित्रपुर थाना क्षेत्र के कुआरमुंडा इलाके में एक दुकान से आईपीएल में सट्टेबाजी की जा रही थी। दुकानदार ने तीन अन्य लोगों की संलिप्तता बात कबूल की।’’
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने करीब सात लाख रुपये के लेन-देन की बात स्वीकार की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘जल्द ही रकम जब्त कर ली जाएगी और मामले में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।’’
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


