ओडिशा पुलिस ने छात्रा के सामूहिक बलात्कार मामले को ‘रेड फ्लैग’ मामला घोषित किया
ओडिशा पुलिस ने छात्रा के सामूहिक बलात्कार मामले को 'रेड फ्लैग' मामला घोषित किया
केंद्रपाड़ा, 22 फरवरी (भाषा) ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने केंद्रपाड़ा जिले के एक निजी स्कूल में कक्षा सात की छात्रा के कथित सामूहिक बलात्कार के मामले को त्वरित जांच और लगातार निगरानी के लिए ‘रेड फ्लैग’ मामला घोषित किया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जांच अधिकारी वही रहेंगे, लेकिन अपराध शाखा-सीआईडी की महिला एवं बाल अपराध शाखा (सीएडब्ल्यू एंड सीडब्ल्यू) इस मामले की निगरानी करेगी।
वर्ष 2014 में शुरू की गई ‘रेड फ्लैग’ श्रेणी महिलाओं के खिलाफ बलात्कार और हत्या जैसे गंभीर अपराधों पर लागू होती है, ताकि उन पर तत्काल ध्यान दिया जा सके और उच्च प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा सके।
पुलिस ने बताया कि निजी स्कूल के चार शिक्षकों, जिनमें एक महिला भी शामिल है, और एक चपरासी को 13 वर्षीय छात्रा के साथ बार-बार यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छात्रा के पिता और जिला बाल कल्याण समिति द्वारा राजकनिका पुलिस थाने में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराने के बाद शनिवार को गिरफ्तारियां की गईं। इन शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि आरोपी शिक्षकों ने नाबालिग के साथ बलात्कार किया।
अधिकारी ने बताया कि समिति ने पहले इस आरोप की पड़ताल की और फिर मामले को पुलिस के हवाले कर दिया।
बाल कल्याण समिति सदस्य स्वगतिका पात्रा ने कहा, “18 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई गई थी। 48 घंटे की लंबी जांच के बाद, हमने कानूनी कार्रवाई के लिए मामला पुलिस को सौंप दिया।”
उन्होंने बताया कि समिति ने जिला शिक्षा अधिकारी को इस आरोप की अलग से जांच करने का निर्देश भी दिया है।
इसी बीच, विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने केंद्रपाड़ा के पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपकर दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की।
भाषा अमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


