ओडिशा में मां-बेटे को हिरासत में प्रताड़ित करने के मामले में महिला पुलिस निरीक्षक निलंबित

ओडिशा में मां-बेटे को हिरासत में प्रताड़ित करने के मामले में महिला पुलिस निरीक्षक निलंबित

ओडिशा में मां-बेटे को हिरासत में प्रताड़ित करने के मामले में महिला पुलिस निरीक्षक निलंबित
Modified Date: May 28, 2026 / 02:57 pm IST
Published Date: May 28, 2026 2:57 pm IST

भुवनेश्वर, 28 मई (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के तलचुआ मरीन थाने के अधिकारियों द्वारा हिरासत में लिए गए दो लोगों को कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने संबंधी मामले में एक महिला पुलिस निरीक्षक को कर्तव्य में लापरवाही और कदाचार के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

यह कदम गिरिपाही गांव की अन्नपूर्णा मंडल (55) और उनके बेटे अनंत कुमार मंडल (31) द्वारा सोमवार को थाना प्रभारी निरीक्षक संध्यारानी जेना और एक अन्य अधिकारी पर थाने के अंदर उन्हें “तीसरे दर्जे” की यातना देने का आरोप लगाने के बाद उठाया गया।

अन्नपूर्णा के पति मनोरंजन मंडल की लिखित शिकायत के आधार पर सोमवार को मां-बेटे को थाने बुलाया गया था। उन्होंने रविवार को घरेलू विवाद को लेकर अपनी पत्नी और बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

मां-बेटे ने आरोप लगाया कि हिरासत में उनके साथ मारपीट की गई, उन्हें लगभग चार घंटे तक शौचालय में बंद रखा गया और उनसे जबरन कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। महिला ने यह भी दावा किया कि उसे निर्वस्त्र किया गया तथा पुलिसकर्मियों ने उनके माथे से सिंदूर भी पोंछ दिया।

यह भी आरोप लगाया गया कि बेटे का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया था। दोनों को कई चोटें आने के बाद उन्हें राजनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि प्रभारी निरीक्षक संध्यारानी जेना को ‘घोर दुर्व्यवहार और कर्तव्य की उपेक्षा के लिए निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा उनके खिलाफ औपचारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई विचाराधीन है’।

आदेश में कहा गया है कि निलंबन की अवधि के दौरान अधिकारी रानी कटक के पुलिस महानिरीक्षक (सेंट्रल रेंज) के अनुशासनात्मक नियंत्रण में रहेंगी।

हालांकि, आरोपी निरीक्षक जेना ने सभी आरोपों से इनकार किया है।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में