ओडिशा विधानसभा चुनाव: भाजपा ने आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किये
ओडिशा विधानसभा चुनाव: भाजपा ने आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किये
भुवनेश्वर, 27 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को ओडिशा में विधानसभा चुनाव के लिए आठ और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। भाजपा ने इनमें चार ऐसे उम्मीदवारों को भी टिकट दिया है जो हाल ही में बीजू जनता दल (बीजद) छोड़कर पार्टी में शामिल हुए हैं।
दलबदल करने वालों में सीमारानी नायक (हिंडोल), अरिंदम रॉय (सालीपुर), गीतांजलि सेठी (केंद्रपाड़ा) और प्रशांत जगदेव (खुर्दा) शामिल हैं।
चिलिका से बीजद के पूर्व विधायक जगदेव को भाजपा में शामिल होने से पहले ही पार्टी ने निष्कासित कर दिया था।
अरिंदम रॉय एक लोकप्रिय उडिया अभिनेता हैं।
पार्टी द्वारा घोषित शेष उम्मीदवारों में फकीर मोहन नाइक (तेलकोई), मुरली मनोहर शर्मा (चंपुआ), रबीन्द्र अंडिया (बास्ता) और बनिकल्याण मोंहती (बासुदेवपुर) शामिल हैं।
भाजपा ने अब तक 147 विधानसभा क्षेत्रों में से 140 के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बीजद ने 141 उम्मीदवारों की घोषणा की है जबकि कांग्रेस ने 138 उम्मीदवार घोषित किये हैं।
ओडिशा में विधानसभा चुनाव चार चरणों (13 मई,20 मई,25 मई और 1 जून) को होंगे।
भाषा
योगेश पवनेश
पवनेश

Facebook


