ओडिशा: गंजाम में ‘महाभारत’ के मंचन के दौरान दो नाट्य समूहों के बीच झड़प में कई घायल; 10 गिरफ्तार
ओडिशा: गंजाम में ‘महाभारत’ के मंचन के दौरान दो नाट्य समूहों के बीच झड़प में कई घायल; 10 गिरफ्तार
ब्रह्मपुर, 28 मई (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में ‘महाभारत’ के मंचन के दौरान दो नाट्य समूहों के बीच झड़प होने से दो पुलिसकर्मियों सहित लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार रात गोलंथारा थाना क्षेत्र के मार्कंडी में घटी, जब रामपल्ली और गोबिंदपुर गांव के दो नाट्य समूहों के सदस्य आपस में भिड़ गए।
पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों ने ठाकुरानी यात्रा उत्सव के अंतिम दिन आयोजित कार्यक्रमों के तहत ‘महाभारत’ नाटक के मंचन के लिए दोनों नाट्य समूहों को मार्कंडी बुलाया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “नाट्य समितियों के सदस्यों के बीच बहस छिड़ गई, जो देखते ही देखते झड़प में तब्दील हो गई। उन्होंने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।”
अधिकारी के अनुसार, उत्सव की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति और भी बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि दोनों समूहों के सदस्यों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और उन पर पत्थर और देसी बम फेंके।
अधिकारी ने बताया कि घटना के सिलसिले में दोनों समूहों के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से देसी बम के टुकड़े, पत्थर, ईंट, बांस और झड़प में इस्तेमाल की गई अन्य सामग्री बरामद की गई है।
ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवना विवेक एम ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है।
उन्होंने कहा, “गश्त बढ़ा दी गई है और कड़ी नजर रखी जा रही है।”
भाषा पारुल सुरेश
सुरेश

Facebook


