ओडिशा: बलात्कार के प्रयास के आरोपी जीआरपी कांस्टेबल की पीट कर हत्या मामले में छह और गिरफ्तार

ओडिशा: बलात्कार के प्रयास के आरोपी जीआरपी कांस्टेबल की पीट कर हत्या मामले में छह और गिरफ्तार

ओडिशा: बलात्कार के प्रयास के आरोपी जीआरपी कांस्टेबल की पीट कर हत्या मामले में छह और गिरफ्तार
Modified Date: May 9, 2026 / 04:35 pm IST
Published Date: May 9, 2026 4:35 pm IST

भुवनेश्वर, नौ मई (भाषा) ओडिशा के खुर्दा जिले में दो दिन पहले महिला के साथ बलात्कार का प्रयास करने के आरोपी 32 वर्षीय जीआरपी कांस्टेबल की पीट कर हत्या करने के मामले में छह और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इन गिरफ्तारियों के साथ इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।

भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में स्थित बलिआंता पुलिस थाना क्षेत्र में सात मई को एक महिला के साथ कथित बलात्कार के प्रयास के आरोप में लगभग 40 लोगों ने जीआरपी कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वैन पर हमला कर उनकी पीट कर हत्या कर दी जबकि ओम प्रकाश राउत नाम का एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

मृतक के पिता दुशासन स्वैन ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने उनके बेटे को बचाने के बजाय उसके साथ मारपीट की।

भीड़ के हमले में घायल हुए व्यक्ति ने भी मृतक के पिता के आरोप की पुष्टि की है।

दुशासन ने कहा, ‘‘वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक कांस्टेबल मेरे बेटे पर हमला कर रहा था। मैंने इस मामले की जानकारी डीसीपी जगमोहन मीना को दी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे बेटे को हाथ-पैर बांधकर अस्पताल ले जाया गया। यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ। अगर पुलिस ने हस्तक्षेप किया होता, तो मेरा बेटा आज जीवित होता।’’

दुशासन ने महिला के साथ बलात्कार के प्रयास के आरोप को खारिज करते हुए कहा, ‘‘मैं उस महिला का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की मांग करता हूं जिसने मेरे बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।’’

इस बीच, ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि सरकार बलिआंता में हुई पीटकर हत्या मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

भाषा शफीक माधव

माधव


लेखक के बारे में