भुवनेश्वर, 28 जुलाई (भाषा) ओडिशा पुलिस ने अप्रैल में भुवनेश्वर से 227 किलोग्राम गांजा बरामदगी मामले की जांच के दौरान मंगलवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए लोगों पर राजस्थान तक गांजे की तस्करी का आरोप है।
इस मामले में गांजा बरामद होने के समय राजस्थान निवासी पारस नाथ को गिरफ्तार किया गया था। ताजा कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गंजाम जिले के निवासी सिबाराम बिस्वाल (38), सिबाराम पात्रा (33) और मनोरंजन साबत (49) को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने कहा कि 18 अप्रैल को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में गुजरात पंजीकरण संख्या वाले एक कंटेनर वाहन से 227 किलोग्राम गांजा बरामद होने के मामले की जांच के दौरान ये गिरफ्तारियां की गईं।
उन्होंने बताया कि कंटेनर वाहन गजपति जिले के अडावा से राजस्थान गांजा लेकर जा रहा था। छापेमारी के दौरान ओडिशा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पारस नाथ को गिरफ्तार किया था।
अधिकारी ने कहा कि गांजा तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए एसटीएफ की टीम ने हाल ही में गुजरात और राजस्थान का दौरा किया था। जांच में सामने आया कि मंगलवार को गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने गांजे की खरीद, उसे छिपाने और अंतरराज्यीय परिवहन की व्यवस्था कराने में अहम भूमिका निभाई थी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ की गई तलाशी के दौरान सिबाराम बिस्वाल के घर से 3.86 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
भाषा राखी नरेश
नरेश