ओडिशा : राष्ट्रपति की सोमवार को शुरू हो रही तीन दिवसीय यात्रा के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा

Ads

ओडिशा : राष्ट्रपति की सोमवार को शुरू हो रही तीन दिवसीय यात्रा के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 09:47 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 09:47 PM IST

भुवनेश्वर/ब्रह्मपुर, दो अगस्त (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सोमवार से शुरू हो रही ओडिशा की तीन दिवसीय यात्रा के मद्देनजर राज्य सरकार ने भुवनेश्वर, कटक और ब्रह्मपुर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

राष्ट्रपति के घोषित कार्यक्रम के अनुसार, मुर्मू सोमवार अपराह्न भुवनेश्वर पहुंचेंगी और कटक जिले के दामापाड़ा जाएंगी, जहां वह 100 एकड़ में फैले पर्यावरण के अनुकूल परिसर वाले ‘जगद्गुरु कृपालु महाराज विश्वविद्यालय’ का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद वह भुवनेश्वर लौट आएंगी और लोक भवन में रात्रि विश्राम करेंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत चार अगस्त को राष्ट्रपति भुवनेश्वर से गंजाम ज़िले के ब्रह्मपुर तक ट्रेन से यात्रा करेंगी। वह सनाखेमुंडी प्रखंड में तप्तपानी गर्म जलधारा के पास स्थित मां कंधुनी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करने जाएंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू भारतीय वायु सेना के विमान से नयी दिल्ली रवाना होने से पहले ट्रेन से भुवनेश्वर लौटेंगी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘राष्ट्रपति की ट्रेन यात्रा की व्यवस्था भारत मौसम विज्ञान विभाग की बारिश संबंधी पूर्वानुमान के मद्देनजर की गयी है।’’

भुवनेश्वर-कटक की आयुक्तालय पुलिस ने विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी)और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर राष्ट्रपति के कटक और ब्रह्मपुर दौरों के लिए सुरक्षा के इंतज़ाम किए हैं।

पुलिस कमिश्नर एस. देवदत्त सिंह ने रविवार को संवाददाताओं को बताया, ‘‘पुलिस की लगभग 40 प्लाटून, करीब 150 अधिकारी और विशेष सुरक्षा इकाइयां जिनमें विशेष तकनीकी इकाई (एसटीयू), विशेष तकनीकी समूह (एसटीजी) और सादे कपड़ों में तैनात जवान शामिल हैं – को तैनात किया जाएगा। हर कार्यक्रम स्थल पर पुलिस उपायुक्त रैंक का एक अधिकारी तैनात रहेगा।’’

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान आवाजाही सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए यातायात के मार्ग में बदलाव की योजना बनाई गई है।

इस बीच, गंजाम ज़िला प्रशासन ने ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन और उसके आस-पास के इलाकों के साथ-साथ गोसानिनुआगांव, अंधापसारा रोड, हरिदाखंडी, दिगपहांडी रोड और तप्तपानी मंदिर परिसर वाले पूरे यात्रा मार्ग को ‘नो-फ़्लाई’ और ‘नो-ड्रोन’ ज़ोन घोषित कर दिया है।

ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक सरवण विवेक एम ने बताया कि सुरक्षा इंतजामों के तहत शहर के कुछ रास्तों पर पूर्वाह्न 10 बजे से 11.45 बजे के बीच गाड़ियों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, तीन अगस्त को तप्तपानी स्थित शिव मंदिर, नीलकंठेश्वर मंदिर में कांवड़ियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

भाषा धीरज नरेश

नरेश