सुरक्षा पाने वाले 396 लोगों में 338 कारोबारी: हरियाणा सरकार ने विधानसभा में बताया

Ads

सुरक्षा पाने वाले 396 लोगों में 338 कारोबारी: हरियाणा सरकार ने विधानसभा में बताया

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 07:24 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 07:24 PM IST

चंडीगढ़, एक सितंबर (भाषा) हरियाणा सरकार ने 338 कारोबारियों समेत 396 लोगों को गैंगस्टर से मिली धमकियों के चलते सुरक्षा मुहैया कराई है। राज्य विधानसभा को मंगलवार को यह जानकारी दी गई।

विधानसभा को एक लिखित जवाब में बताया गया कि 396 व्यक्तियों में से 366 लोगों को सरकारी खर्च पर सुरक्षा दी गई है, जबकि 20 लोगों को भुगतान के आधार पर सुरक्षा दी गई है। उसने बताया कि शेष 10 लोगों की सुरक्षा पर होने वाले खर्च का कुछ हिस्सा सरकार और कुछ हिस्सा संबंधित व्यक्ति वहन कर रहा है।

कांग्रेस विधायक पूजा ने सरकार से एक जनवरी 2025 से 31 जुलाई 2026 के बीच गैंगस्टर से मिली धमकियों के कारण सुरक्षा पाने वाले कारोबारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का विवरण मांगा था।

उन्होंने जिलेवार जानकारी के साथ ऐसे लोगों के नाम और पद, प्रत्येक व्यक्ति को दिए गए सुरक्षाकर्मियों की संख्या और यह जानकारी भी मांगी थी कि सुरक्षा का खर्च सरकार उठा रही है या संबंधित लाभार्थी।

सरकार ने बताया कि सुरक्षा पाने वाले 396 लोगों में 338 कारोबारी, 25 जनप्रतिनिधि और 33 अन्य श्रेणियों के लोग शामिल हैं।

विधायक के उस सवाल के जवाब में, जिसमें सुरक्षा पाने वाले लोगों का नाम और अन्य विवरण मांगा गया था, विधानसभा को बताया गया कि यह जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती क्योंकि इससे संबंधित लोगों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश