उमर अब्दुल्ला व महबूबा मुफ्ती ने बारामूला सांसद इंजीनियर रशीद के पिता के निधन पर शोक जताया

Ads

उमर अब्दुल्ला व महबूबा मुफ्ती ने बारामूला सांसद इंजीनियर रशीद के पिता के निधन पर शोक जताया

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 03:17 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 03:17 PM IST

श्रीनगर, 18 मई (भाषा) जम्मू – कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती सहित कई नेताओं ने बारामूला सांसद शेख अब्दुल (इंजीनियर) रशीद के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मुख्यमंत्री ने माननीय सांसद इंजीनियर रशीद और माननीय विधायक खुर्शीद अहमद शेख के पिता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है जिन्होंने नयी दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली।”

खजीर मोहम्मद शेख (85) का पिछले दो हफ्तों से दिल्ली के अस्पताल में इलाज किया जा रहा था। सोमवार को उनका निधन हो गया।

सीएमओ ने कहा, “मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और साहस प्रदान करने की भी प्रार्थना की।”

पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी खजीर मोहम्मद शेख के निधन पर शोक व्यक्त किया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “इंजीनियर रशीद साहब के पिता के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। माता-पिता को खोने का दर्द बेहद असहनीय होता है और मैं अल्लाह से प्रार्थना करती हूं कि वह इस कठिन समय में परिवार को धैर्य और शक्ति प्रदान करें। अल्लाह उन्हें जन्नत बख्शे।”

अपनी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अल्ताफ बुखारी ने अपने सोशल मीडिया खाते पर शोक संदेश पोस्ट किया। उन्होंने कहा, “जेल में बंद सांसद इंजीनियर रशीद साहब के पिता हाजी खजीर मोहम्मद शेख साहब के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है।”

उन्होंने कहा, “दुख की इस घड़ी में, मैं पूरे शोक संतप्त परिवार, विशेष रूप से इंजीनियर रशीद साहब के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना, सहानुभूति और एकजुटता व्यक्त करता हूं। पिता का निधन जीवन के सबसे गहरे दुःखों में से एक है, और ऐसे कठिन समय में परिवार से बिछड़ने पर यह दुःख और भी अधिक पीड़ादायक हो जाता है।”

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश