कोलकाता, 18 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार धार्मिक नारेबाजी की आड़ में की जाने वाली तोड़फोड़ की घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को कड़ा संदेश देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने में जरा भी संकोच नहीं करेगी।
कोलकाता के तिलजला में हाल में हुई ‘बुलडोजर कार्रवाई’ के खिलाफ प्रदर्शन रविवार को हिंसक हो गया था। पार्क सर्कस क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिसमें कुछ अधिकारी घायल हो गये थे और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा था।
इस घटना को लेकर पुलिसकर्मियों के साथ बैठक करने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से कहा कि हिंसा में छह अधिकारी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवान घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना के सिलसिले में अब तक 40 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।’’
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘‘लोग अपनी मांगों और शिकायतों को रख सकते हैं, लेकिन धार्मिक नारेबाजी करते हुए पथराव की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे ऐसे कृत्यों में शामिल न हों। यह न सोचें कि पिछली सरकार अभी भी सत्ता में है।’’
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप