उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के बाजार में आईईडी विस्फोट, कबीलाई प्रमुख समेत तीन की मौत

Ads

उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के बाजार में आईईडी विस्फोट, कबीलाई प्रमुख समेत तीन की मौत

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 04:44 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 04:44 PM IST

पेशावर, 18 मई (भाषा) उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के एक बाजार में सोमवार को हुए आईईडी विस्फोट में एक कबीलाई प्रमुख सहित तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह विस्फोट खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दक्षिण वज़ीरिस्तान जिले के वाना शहर में एक व्यस्त बाजार में हुआ।

विस्फोट के बाद बचाव दल और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

जिला पुलिस अधिकारी मोहम्मद ताहिर शाह वज़ीर के मुताबिक, विस्फोट गुलशन प्लाजा के पास उस समय हुआ जब अहमदजई कबीले के प्रमुख मलिक तारिक का वाहन बाजार क्षेत्र से गुजर रहा था।

उन्होंने बताया कि इस शक्तिशाली विस्फोट में तारिक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

इस धमाके के कारण बाजार क्षेत्र में व्यापक दहशत फैल गई और दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद हो गए।

स्थानीय निवासियों और समुदाय के नेताओं ने इस हमले की कड़ी निंदा की और सरकार से अपनी सुरक्षा नीतियों की समीक्षा करने का आग्रह किया है।

अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

एक अन्य घटना में, इसी प्रांत के बाजौर जिले में एक घर पर संदिग्ध ड्रोन हमले में एक ही परिवार के छह सदस्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, घायलों को खार के जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की भी जांच शुरू कर दी गई है।

फिलहाल किसी भी समूह ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार का आरोप है कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) नवंबर 2022 में संघर्षविराम समझौता समाप्त होने के बाद से नागरिकों और सरकारी बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है।

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश