रांची में पानी की टंकी गिरी, एक की मौत

रांची में पानी की टंकी गिरी, एक की मौत

रांची में पानी की टंकी गिरी, एक की मौत
Modified Date: September 9, 2026 / 11:30 pm IST
Published Date: September 9, 2026 11:30 pm IST

रांची, नौ सितंबर (भाषा) झारखंड के रांची में बुधवार शाम एक पुरानी पानी की टंकी के ढांचे को गिराने के दौरान वह ढह गया, जिसके मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य के फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना शाम करीब छह बजे कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिला स्कूल परिसर में हुई, जब कर्मचारी वहां पानी की टंकी के लिये नया ढांचा बनाने के वास्ते पुरानी टंकी को गिरा रहे थे।

कोतवाली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) निखिल राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “इस घटना में एक कर्मचारी की मौत हो गई है और मलबे के नीचे एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। मलबा हटाने का काम जारी है। मलबा हटाने के लिए दो जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं।”

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेजा गया।

अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. शिशिर कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान पलामू जिले के रहने वाले सत्य भुइयां (35) के तौर पर हुई है। उसे अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था।

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में