पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग फ्लाईओवर पर हुआ हादसा, एक व्यक्ति की मौत
पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग फ्लाईओवर पर हुआ हादसा, एक व्यक्ति की मौत
नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग फ्लाईओवर पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में 24 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 8:10 बजे घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक स्कूटर और एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में मिली।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर घायल अवस्था में दो व्यक्ति मिले, जिन्हें तुरंत आचार्य श्री भिक्षु अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारी ने बताया कि घायलों में से एक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उस व्यक्ति की पहचान रोहिणी के सेक्टर 20 निवासी विजय के रूप में हुई है।
वहीं, मोनू नाम के एक अन्य घायल व्यक्ति को आई गंभीर चोटों के कारण उसे सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि दुर्घटना पंजाबी बाग फ्लाईओवर पर हुई, हालांकि दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
अधिकारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को निरीक्षण के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
भाषा प्रचेता सुभाष
सुभाष

Facebook


