नोएडा में निर्माणाधीन मकान की ‘शटरिंग’ ढहने से एक श्रमिक की मौत, एक घायल

Ads

नोएडा में निर्माणाधीन मकान की ‘शटरिंग’ ढहने से एक श्रमिक की मौत, एक घायल

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 04:34 PM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 04:34 PM IST

नोएडा (उप्र), 20 फरवरी (भाषा) गौतमबुद्ध नगर में नोएडा के एक गांव में निर्माणाधीन मकान की ‘शटरिंग’ ढहने से दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए जिनमें से एक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना थाना सेक्टर -113 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव की है। एक घायल श्रमिक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि बीती रात को पुलिस को सूचना मिली कि सर्फाबाद गांव में रहने वाले वीरपाल के मकान का निर्माण हो रहा था, तभी रात के समय बनाई जा रही ‘शटरिंग’ गिर गई। कंक्रीट को आकार देने के लिए लकड़ी आदि से बनाए गए अस्थायी ढांचे को ‘शटरिंग’ कहते हैं।

पुलिस ने कहा कि इस घटना में उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के 19 वर्षीय निवासी मोहित पाल पुत्र सुखपाल और राजस्थान के धौलपुर निवासी जीतू पुत्र बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उपचार के दौरान मोहित पाल की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों ने इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई है, लेकिन यदि वे कोई शिकायत करते हैं तो घटना की रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस मामले की जांच करेगी।

भाषा सं. मनीषा संतोष

संतोष