नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) दिल्ली के जसोला इलाके में एक पुरानी इमारत को ढहाने के काम के दौरान एक जर्जर दीवार गिर गई, जिसके मलबे में दबकर 24 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘शुक्रवार दोपहर 1:27 बजे जसोला में इस घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पाया कि एक पुरानी और जर्जर इमारत को ढहाने का काम चल रहा था, तभी उसकी एक तरफ की दीवार अचानक ढह गई, जिससे मलबे के नीचे चार मजदूर दब गए।’
अधिकारी ने बताया कि मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उनमें से एक मजदूर, जिसकी पहचान विजय (24) के रूप में हुई है, की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि एक मजदूर को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, जांच दल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने इस मामले में इमारत ढहाने का ठेका लेने वाले ठेकेदार शमशुद्दीन को हिरासत में ले लिया है, जो दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जामिया नगर का रहने वाला है। वहीं, इमारत के मालिक खुर्शीद को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि बदरपुर के एसडीएम ने घटनास्थल को सील कर दिया है। इस संबंध में सरिता विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।
भाषा सुमित माधव
माधव