जयपुर, 11 सितंबर (भाषा) जयपुर शहर में एक महिला व उसकी तीन बेटियों के शव घर में मिले। पुलिस ने महिला के पति पर घटना में शामिल होने का शक जताया है।
यह घटना करधनी थाने की गोविंद वाटिका में हुई। मृतकाओं की पहचान गीता झा और उनकी बेटी नंदिनी, राधिका और गौरी के रूप में की गई है।
पुलिस को शक है कि गीता के पति राहुल झा ने पारिवारिक विवाद के बाद चारों की हत्या कर दी और घर से भाग गया।
उनके शव अलग-अलग कमरों में मिले और उनके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे।
सहायक पुलिस आयुक्त (जयपुर पश्चिम) शिव कुमार भारद्वाज ने कहा, ‘घर से सीमेंट का पत्थर बरामद किया गया है जिसका इस्तेमाल इस कांड में किए जाने का संदेह है। महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष थी, जबकि लड़कियां 15-22 वर्ष की आयु वर्ग की थीं।’
पुलिस को स्थानीय लोगों से घटना की सूचना मिली जिसके बाद करधनी पुलिस थाने और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीमें मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने कहा, ‘शुरुआती जांच से पता चलता है कि रात में सोते समय चारों पर हमला किया गया होगा।’ उन्होंने कहा कि युवक का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं और उसका फोन नंबर बंद है।
भाषा पृथ्वी मनीषा वैभव
वैभव