बाराबंकी में भूमि विवाद को लेकर हुए संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत, कई घायल

बाराबंकी में भूमि विवाद को लेकर हुए संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत, कई घायल

बाराबंकी में भूमि विवाद को लेकर हुए संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत, कई घायल
Modified Date: July 2, 2026 / 11:09 am IST
Published Date: July 2, 2026 11:09 am IST

बाराबंकी (उप्र), दो जुलाई (भाषा) बाराबंकी जिले में हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के पूरे मेहरबान गांव में भूमि विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया जब दो पक्षों के बीच हुई झड़प में 60 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार को उस समय हुई जब कृषि भूमि और खेत की मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठियों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

उसने बताया कि इस घटना में भगवानदीन (60) की मौत हो गई। उनकी पत्नी रमावती (55), योगेंद्र और सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

दूसरे पक्ष के पुट्टू, रामसेवक और रामदयाल भी इस झड़प में घायल हुए हैं।

घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया, जिसके मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दिनेश रावत ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।

पुलिस क्षेत्राधिकारी समीर कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं जफर वैभव खारी

खारी


लेखक के बारे में