अहमदाबाद, 13 मार्च (भाषा) गुजरात के बनासकांठा जिले में शुक्रवार तड़के एक निजी लग्जरी स्लीपर बस में आग लगने से एक यात्री की जलकर मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राजस्थान के नचना से अहमदाबाद जा रही बस में तड़के करीब साढ़े तीन बजे धनेरा तालुका के नेनावा गांव के पास आग लग गई। पुलिस के मुताबिक घटना के समय बस में यात्री सो रहे थे।
धनेरा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि देखते ही देखते आग पूरी बस में फैल गई जिससे बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई।
आग की लपटों और घने धुएं से बचने के लिए कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियां तोड़कर छलांग लगा दी। अधिकारी ने बताया, ‘‘अफरा-तफरी के बीच एक यात्री की जलकर मौत हो गई।’’
उन्होंने कहा कि आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कम से कम छह यात्री झुलस गए और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने यह भी बताया कि उनमें से कुछ की हालत गंभीर है।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना